
सुष्मिता सेन के भाई राजीव सेन और उनकी भाभी चारु आसोपा के बीच पिछले कई दिनों से शादी को लेकर चर्चा चल रही है. खबरों की मानें तो शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच अनबन हो गई थी, लेकिन बाद में पैचअप हो गया था. लेकिन अब उनके रिश्ते में इतनी कड़वाहट आ गई है कि उन्हें तलाक लेने के लिए कानूनी तरीकों का सहारा लेना पड़ रहा है. इस बीच सोशल मीडिया के जरिए दोनों लगातार एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं. कुछ दिन पहले चारु आसोपा ने राजीव सेन और उनके रिश्ते को लेकर बयान दिया था. वहीं अब राजीव सेन ने भी अपने रिश्ते पर चुप्पी तोड़ी है. उनका बयान भी अब चर्चा में आ गया है.
चारु आसोपा और उनके रिश्ते में खटास की खबरों के बीच राजीव सेन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया है. इस पोस्ट में राजीव ने लिखा- ‘मुझे लगता है कि भारत में बहुत कुछ हो रहा है और बहुत सारी ब्रेकिंग न्यूज चल रही है, चाहे वह अच्छा हो या बुरा, मैं मीडिया से आग्रह करता हूं कि मेरी शादी और परिवार पर ध्यान केंद्रित न करें. सकारात्मक रहने के लिए आप सभी का धन्यवाद. भगवान आप लोगों को खुश रखे.
बीते दिनों मीडिया से बातचीत करते हुए चारु ने राजीव संग अपने अलगाव की खबर पर मुहर लगा दी थी. इसके साथ उन्होंने कहा कि मैं इसके बारे में बात नहीं करना चाहती थी, लेकिन मुझे अब इसके बारे में बात करने के लिए मजबूर किया गया है. हमने शादी खत्म करने के लिए कानूनी रास्ता अपनाया है और मैंने प्रक्रिया शुरू की है.
