

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी आज बुधवार को अयोध्या में सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर के नाम पर बने स्मृति चौक का लोकार्पण करेंगे। इस मौके पर उनके साथ केंद्रीय संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी भी मौजूद रहेंगे। सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर के भतीजे और बहु भी चौक के उद्घाटन समारोह में शरीक होंगे। साथ ही इस मौके पर पी एम नरेंद्र मोदी भी अपना वीडियो सन्देश भेजेंगे। लोकार्पण समारोह सुबह 10:50 बजे शुरू होगा। समारोह को लेकर चौक व कार्यक्रम स्थल रामकथा पार्क को सजाने का काम मंगलवार को दिन भर जारी रहा। अफसर भी लगातार तैयारियों की समीक्षा में जुटे रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिवंगत गायिका लता मंगेशकर को उनकी जयंती के दिन याद करते हुए कहा की “मुझे खुशी है कि आज अयोध्या में एक चौक का नाम उनके नाम पर रखा जाएगा।”
गौरतलब है की रामनगरी का नयाघाट बंधा चौराहा अब लता मंगेशकर चौराहा के नाम से जाना जाएगा। चौराहे का लोकार्पण करने के बाद सभी अतिथि कार्यक्रम स्थल रामकथा पार्क पहुंचेंगे। जहां लता जी को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद लता के भतीजे आदिनाथ मंगेशकर व बहू कृष्णा मंगेशकर का स्वागत होगा।
