

गुजरात विधानसभा चुनाव के दोनों चरणों का मतदान संपन्न हो चुका है. गुजरात के राजनीतिक दल और जनता अब 8 तारीख को घोषित होने वाले नतीजों का बेसब्री से इंतजार कर रही है. अहमदाबाद में एग्जिट पोल के नतीजे आने के बाद कांग्रेस नेता अर्जुन मोढवाडिया ने दावा किया है कि गुजरात में कांग्रस की सरकार बनेगी. लेकिन आम आदमी पार्टी की वजह से कांग्रेस को कुछ सीटों पर नुकसान हुआ है. बावजूद इसके परिणाम कांग्रेस के पक्ष में ही रहेगा.
इसके अलावा अर्जुन मोढवाडिया ने कहा कि नतीजे एग्जिट पोल के आंकड़ों के विपरीत आएंगे. गुजरात में इस बार मतदाताओं ने साइलेंट वोटिंग की है. मतदाताओं ने विभिन्न मुद्दों पर कांग्रेस के पक्ष में मतदान किया है. आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस को कुछ सीटों पर नुकसान पहुंचाया है. कांग्रेस को दूसरे दलों से इस नुकसान की आशंका पहले से ही थी. लेकिन 8 तारीख को नतीजा कांग्रेस के पक्ष में होगा और गुजरात में सिर्फ कांग्रेस की ही सरकार बनेगी.
आप और भाजपा ने भी किया जीत का दावा
आम आदमी पार्टी के गुजरात के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार इसुदान गढ़वी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि एक्जिट पोल के आंकड़े सही नहीं होते क्योंकि आकलन करना बहुत मुश्किल है. 2013 में भी जब AAP दिल्ली में लड़ रही थी तब भी सब यही कह रहे थे कि यह अपनी ज़मानत भी बचा लें तो बहुत बड़ी बात होगी लेकिन हमने 28 सीटें जीतीं. इसलिए मैं मान रहा हूं कि एक्जिट पोल से अधिक AAP का नतीजा आएगा और भारतीय जनता पार्टी गुजरात में सरकार नहीं बना रही है… हमारा आंकलन है कि हम 100 से ज़्यादा सीटें जीतेंगे.
वहीं इस मामले को लेकर गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि BJP और गुजरात के लोगों ने नया इतिहास लिखना तय किया है. पिछले 27 सालों से चल रहा ये संबंध आने वाले दिनों में और बेहतरीन होने जा रहा है. ये चुनाव सत्ता की जीत के लिए नहीं बल्कि संबंधों के इतिहास के लिए है. गुजरात में कमल खिलेगा.
