

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी पर दिए गए अपने विवादित बयान को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा देने वाले कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अजय राय ने कहा है कि वह अपने बयान पर कायम हैं। उन्होंने कहा की वे महिला आयोग के नोटिस का जवाब देंगे। इसके साथ ही उन्होंने पक्षपात का आरोप लगते हुए कहा की कांग्रेस के अध्यक्ष और पूर्व अध्यक्ष को लेकर कई बार विवादित बोला गया, लेकिन तब आयोग की सक्रियता नहीं दिखी। मैंने जो बोला कहीं से भी असंसदीय नहीं है। उनका मानना है की यह उनकी बोलचाल की भाषा है और उन्होंने पूर्वांचल की बोलचाल की भाषा को ही प्रयोग में लाया है। कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अजय राय ने यह बातें आज बुधवार को गाज़ीपुर शहर में हो रही कांग्रेस की प्रादेशिक भारत जोड़ो यात्रा के दौरान प्रेस वार्ता के दौरान कही।
आगे उन्होंने कहा कि मुख्तार अंसारी के खिलाफ कोर्ट में बयान दर्ज कराकर उन्होंने अपना कर्तव्य और धर्म को निभाया है । आगे उन्होंने कहा कृष्णानंद राय की हत्या हुई लेकिन गवाह टूट गये। भारतीय जनता पार्टी को घेरते हुए उन्होंने कहा की भाजपा को बताना चाहिए कि उस मामले में गवाह क्यों टूटे। सपा और बसपा की सरकार में मुझे भी प्रताड़ित किया गया, लेकिन कभी पीछे नहीं हटा। मेरे ऊपर भी एनएसए और गैंगस्टर लगाया गया। जीएसटी पर पूछे गए सवाल के जवाब में तंज कस्ते हुए प्रांतीय अध्यक्ष ने इसे गब्बर सिंह टैक्स बताया और कहा की व्यापारी वर्ग इससे डरा हुआ है। उन्होंने कहा की व्यापारी डर के दुकान बंद करके भाग रहा है, हमारी सरकार आएगी तो जीएसटी का एक स्लैब होगा। आने वाले निकाय चुनाव पर अजय राय ने कहा कि यूपी नगर निकाय में कांग्रेस मजबूती से चुनाव लड़ेगी।
