Hindi News, Latest News in Hindi, हिन्दी समाचार, Hindi Newspaper
Breaking News
खेल

IND vs NZ: श्रेयस अय्यर ने 2 साल तक नहीं खेली रेड बॉल क्रिकेट, फिर पहले ही मैच में बनाया शतक

श्रेयस अय्यर भारत की सीमित ओवरों की टीम का अहम हिस्सा हैं और अब उन्होंने अपने टेस्ट डेब्यू पर शतक जड़कर अपने टेस्ट करियर की शानदार शुरुआत की है।

श्रेयस अय्यर ने अपने पहले ही टेस्ट में शतक लगाया है। 
भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर न्यूजीलैंड के खिलाफ कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण कर रहे हैं और उन्होंने अपने पहले ही टेस्ट मैच में शतक बनाया है। वह डेब्यू टेस्ट में शतक लगाने वाले भारत के 16वें बल्लेबाज हैं। श्रेयस अय्यर ने दो साल से प्रथम श्रेणी क्रिकेट नहीं खेला है और लंबे समय के बाद लाल गेंद से खेल रहे हैं। उन्हें टेस्ट में मौका मिला और दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने इसका पूरा फायदा उठाया। अय्यर ने यह शतक 157 गेंदों में पूरा किया। वह इस मैदान पर डेब्यू टेस्ट में शतक लगाने वाले भारत के दूसरे बल्लेबाज हैं। उनसे पहले 1969 में गुनप्पा विश्वनाथ ने इसी मैदान पर अपने पहले टेस्ट में शतक जड़ा था. विश्वनाथ ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डेब्यू में शतक लगाया था।

अय्यर ने मुश्किल समय में भारत के लिए यह पारी खेली है. भारतीय टीम पहले दिन संघर्ष कर रही थी। उन्होंने अपने चार बड़े विकेट 145 रन पर गंवाए थे। तब अय्यर ने मोर्चा संभाला और टीम को मुश्किल हालात से बाहर निकाला। उन्होंने रवींद्र जडेजा के साथ शतकीय साझेदारी की। अय्यर पहले दिन 75 रन बनाकर नाबाद लौटे। दूसरे दिन उन्होंने वहीं से शुरुआत की, जहां से उन्होंने पहले दिन समाप्त किया था और अपना शतक पूरा कर इतिहास रच दिया। उन्होंने जडेजा के साथ 121 रन की साझेदारी की। जडेजा दूसरे दिन 266 के कुल स्कोर पर आउट हुए। उन्होंने 50 रन बनाए। अय्यर भी शतक पूरा करने के बाद आउट हो गए। उन्होंने 171 गेंदों में 13 चौकों और दो छक्कों की मदद से 105 रन बनाए। टिम साउदी ने लिया विकेट।

कानपुर से खास रिश्ता
अय्यर का इस मैदान से खास लगाव है। सात साल पहले उन्होंने इसी मैदान पर ऐसी पारी खेली थी जिसने उनके करियर को एक नई दिशा दी थी. उन्होंने 2014 में एक प्रथम श्रेणी मैच में उत्तर प्रदेश के खिलाफ रणजी ट्रॉफी में शानदार पारी खेली थी। उस समय अय्यर केवल 19 वर्ष के थे। इस मैच में अय्यर ने मुश्किल समय में 75 रन बनाए। इससे मुंबई को मैच में बढ़त मिली और मुंबई ने मैच जीत लिया।

न्यूजीलैंड के खिलाफ ऐसा करने वाले तीसरे भारतीय
अय्यर न्यूजीलैंड के खिलाफ डेब्यू पर शतक लगाने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज हैं। सबसे पहले एजी कृपाल सिंह ने नवंबर 1955 में अपने डेब्यू टेस्ट में न्यूजीलैंड के खिलाफ नाबाद 100 रन बनाए थे। यह मैच हैदराबाद में खेला गया था। उनके बाद सुरिंदर अमरनाथ ने जनवरी 1976 में ऑकलैंड के ईडन पार्क में पदार्पण करते हुए शतक बनाया था। अब अय्यर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करते हुए ऐसा किया है।

पहले टेस्ट में शतक लगाने वाले भारतीय क्रिकेटरों की सूची इस प्रकार है।

1. लाला अमरनाथ (बनाम इंग्लैंड 1933)

2. दीपक शोधन (बनाम पाकिस्तान 1952)

3. अर्जन कृपाल सिंह (बनाम न्यूजीलैंड 1955)

4. अब्बास अली बेग (बनाम इंग्लैंड 1959)

5. हनुमंत सिंह (बनाम इंग्लैंड 1964)

6. जी विश्वनाथ (बनाम ऑस्ट्रेलिया 1969)

7. सुरिंदर अमरनाथ (बनाम न्यूजीलैंड 1976)

8. मोहम्मद अजहरुद्दीन (बनाम इंग्लैंड 1984)

9. प्रवीण आमरे (बनाम दक्षिण अफ्रीका 1992)

10. सौरव गांगुली (बनाम इंग्लैंड 1996)

11. वीरेंद्र सहवाग (बनाम दक्षिण अफ्रीका 2001)

12. सुरेश रैना (बनाम श्रीलंका 2010)

13. शिखर धवन (बनाम ऑस्ट्रेलिया 2013)

14. रोहित शर्मा (बनाम वेस्टइंडीज 2013)

15. पृथ्वी शॉ (बनाम वेस्टइंडीज 2018)

16. श्रेयस अय्यर (बनाम न्यूजीलैंड 2021)

Related posts

लखनऊ और गुजरात खेलेंगे पहला आईपीएल मैच: 11 साल बाद फिर से 10 टीमें कर रही हैं लीग का हिस्सा, हार्दिक पहली बार कप्तानी करेंगे

Live Bharat Times

वनडे की सबसे बड़ी हार से टूटा हरमनप्रीत का दिल

Live Bharat Times

भारत ने वन डे सीरीज जीती जरूर,लेकिन कई समस्याए अभी भी हैं बरकरार

Live Bharat Times

Leave a Comment