
रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया में एक मजबूत राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ रहा है और अब दुनिया भारत की सुनती है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के अंतिम दो चरणों के लिए प्रचार तेज हो गया है और राज्य में राजनीतिक दल एक दूसरे पर जमकर निशाना साध रहे हैं. वहीं केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बलिया में एक जनसभा में कहा कि अब यूपी में बुआ-बबुआ नहीं रहेंगे, सिर्फ बाबा चलेंगे. राजनाथ ने कहा कि यूपी में कानून का राज होगा. उन्होंने कहा कि लोगों से भय और भूख मिटाने का काम सिर्फ भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किया है और राज्य के 24 करोड़ लोगों को महीने में दो बार राशन दिया जा रहा है.

राजनाथ सिंह ने भाजपा के लिए प्रचार करते हुए कहा कि डेढ़ साल में सरकारी नलों से पानी घर-घर पहुंचेगा और 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दी जाएगी. विपक्षी दलों द्वारा डबल इंजन वाली सरकार पर तंज कसने पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अब यहां ट्रिपल इंजन की सरकार चलेगी, डबल इंजन की नहीं. प्रदेश में मोदी का विजन होगा, योगी का मिशन होगा और जनभागीदारी होगी. ये है आत्मनिर्भर भारत, यहां अब गोली ही नहीं, गोला बनना शुरू हो गया है। ब्रह्मोस मिसाइल से लेकर लड़ाकू विमान भी बन रहे हैं और आने वाले दिनों में दुनिया के देश भारत से हथियार खरीदेंगे.
पूरी दुनिया भारत की सुन रही है
रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया में एक मजबूत राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ रहा है और अब दुनिया भारत की सुनती है। एक समय था जब दुनिया हमारी नहीं सुनती थी और अब लोग खुले कानों से भारत की सुनते हैं। वहीं, पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि अब हम इस तरफ से भी मारेंगे और जरूरत पड़ी तो उस तरफ घुसकर मारेंगे.
लाभार्थियों को सीधे मिल रहा लाभ
केंद्रीय रक्षा मंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने कहा था कि जब केंद्र से एक रुपया भेजा जाता है तो लोगों तक सिर्फ 15 पैसे ही पहुंचते हैं. उन्होंने कहा कि अब समय समाप्त हो गया है और भाजपा सरकार के तहत योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रहा है. उन्होंने कहा कि आज गरीबों के घरों में गैस सिलेंडर और चूल्हे हैं और अब होली और दिवाली पर मुफ्त गैस सिलेंडर मिलेगा.
