

पंजाब पुलिस प्रमुख ने मंगलवार को गैंगस्टर दीपक टीनू के पुलिस हिरासत से भागने की जांच के लिए चार सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया।
पंजाब पुलिस ने एक बयान में कहा, “डीजीपी गौरव यादव ने मानसा में पुलिस हिरासत से गैंगस्टर दीपक टीनू के भागने की पूरी साजिश का पर्दाफाश करने और इस मामले की प्रभावी और त्वरित जांच सुनिश्चित करने के लिए चार सदस्यीय एसआईटी का गठन किया है।”
बेशर्मी से भागने को लेकर विपक्ष के निशाने पर आए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य विधानसभा में कहा था कि गैंगस्टर के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया गया है और उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
गायक सिद्धू मूस वाला की हत्या के आरोपियों में से एक टीनू शनिवार देर रात मानसा पुलिस की अपराध जांच एजेंसी (सीआईए) इकाई की हिरासत से फरार हो गया था।
एसआईटी का नेतृत्व पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) पटियाला रेंज एम एस छिना करेंगे, जिसमें अतिरिक्त आईजी एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ओपिंदरजीत सिंह, एसएसपी मनसा गौरव तोरा और डीएसपी, एजीटीएफ, बिक्रमजीत सिंह बराड़ इसके सदस्य होंगे।
