

इसी साल मार्च में हुए विधानसभा चुनाव में हार के बाद गायब हुए पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भारत लौट आए हैं। विदेश से लौटने के बाद, कांग्रेस नेता चन्नी ने एक तस्वीर ट्वीट की, जिसमें वह कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को फूलों का गुलदस्ता भेंट करते दिखाई दे रहे है और हिमाचल प्रदेश चुनाव में पार्टी की ऐतिहासिक जीत पर बधाई देते नजर आ रहे हैं।
उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, “हिमाचल प्रदेश चुनाव में पार्टी की ऐतिहासिक जीत के लिए प्रियंका गांधी को बधाई।” बाद में उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ अपनी एक तस्वीर भी ट्वीट की और लिखा, “कांग्रेस के मल्लिकार्जुन खड़गे जी से मुलाकात।”
बता दें कि जून महीने के बाद चन्नी द्वारा शेयर किया गया यह पहला पोस्ट है। उनकी वापसी के बाद लोगों के मन में सवाल उठ रहे हैं कि अब कांग्रेस पार्टी में उनकी क्या भूमिका होगी। जब राहुल गांधी ने पंजाब में सरकार बनाई तो नवजोत सिंह सिद्धू की जगह मुख्यमंत्री बनने के लिए चन्नी को दलित चेहरे के तौर पर चुना गया। गरीब पृष्ठभूमि से ताल्लुक रखने वाले चन्नी ने चुनावों में काफी मतदाताओं को आकर्षित किया था।
चन्नी के परिवार के एक सदस्य ने कहा, “तीन दिन पहले लौटे है और दिल्ली में वरिष्ठ नेताओं से मिल रहे थे। हालांकि, उन्हों ने फिलहाल मीडिया से दूरी बना रखी है।”
पंजाब के खनन मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने सोमवार को कहा, “पंजाब सरकार खनन माफिया के खिलाफ काम कर रही है। चन्नी हों या शिरोमणि अकाली दल के नेता, उनसे पूछताछ की जाएगी।”
उन्होंने आगे कहा कि “हमारे पास इस बात के पर्याप्त सबूत हैं कि अवैध रेत खनन माफिया में शामिल लोगों को कांग्रेस और अकाली नेताओं का संरक्षण प्राप्त है। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के भतीजे हनी को इसमें गिरफ्तार किया गया था और बाद में अवैध खनन केस में आरोपी पाया गया था।”
