Hindi News, Latest News in Hindi, हिन्दी समाचार, Hindi Newspaper
भारतराज्य

1984 में बीजेपी की दो सीटों में से एक पर जीत हासिल करने वाले पूर्व सांसद जंगा रेड्डी का निधन, पीएम मोदी ने जताया दुख, कहा- उन्होंने कई कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया

सी जंगा रेड्डी उन दो सांसदों में से एक थे जो 1984 में भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतकर संसद पहुंचे थे। जीत दर्ज करने वाले दूसरे भाजपा सांसद एके पटेल थे।

पीएम मोदी और सी जंगा रेड्डी
प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सी जंगा रेड्डी के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि वह भाजपा को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के प्रयासों का एक अभिन्न अंग थे। रेड्डी 86 साल के थे। शनिवार सुबह हैदराबाद में उनका निधन हो गया। रेड्डी उन दो सांसदों में से एक थे जो भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतकर 1984 में संसद पहुंचे थे। जीत दर्ज करने वाले दूसरे भाजपा सांसद एके पटेल थे। वह गुजरात के मेहसाणा से जीते थे। इस चुनाव में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को भी हार का सामना करना पड़ा था।

प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, ‘सी जंगा रेड्डी ने अपना पूरा जीवन जनसेवा में लगा दिया। वह जनसंघ और भाजपा को सफलता की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के प्रयासों का एक अभिन्न अंग थे। उन्होंने लोगों के दिल-दिमाग में अपनी जगह बनाई है. उन्होंने कई कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया। उनके निधन से दुखी हूं।’ प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा के विकास के बेहद नाजुक दौर में जंगा रेड्डी पार्टी की प्रभावी आवाज थे।

 

शुरू से ही रहे आरएसएस के कार्यकर्ता
जंगा रेड्डी शुरू से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता थे। 1967 में वे पहली बार जनसंघ के टिकट पर विधायक बने। इसके बाद 1978 में फिर जनता पार्टी के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। 1983 में भाजपा के गठन के बाद, उन्होंने भाजपा से राज्य का चुनाव लड़ा और फिर से जीत हासिल की। एक साल बाद, भाजपा ने उन्हें लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए कहा।

 

1984 के चुनाव में पीवी नरसिम्हा राव हार गए थे
पीएम मोदी ने जंगा रेड्डी के बेटे से भी फोन पर बात की और संवेदना व्यक्त की। रेड्डी ने 1984 के लोकसभा चुनाव में आंध्र प्रदेश की हनमकोंडा संसदीय सीट से पीवी नरसिम्हा राव को हराया, जो बाद में देश के प्रधानमंत्री बने। रेड्डी आंध्र प्रदेश विधान सभा के सदस्य भी थे। 1984 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को सिर्फ दो सीटों पर जीत मिली थी. एक गुजरात के मेहसाणा में और दूसरा अविभाजित आंध्र प्रदेश के हनमकोंडा में जहां सी जंगा रेड्डी ने विजय प्राप्त की थी। उन्होंने तत्कालीन भावी प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव को हराया।

Related posts

बिल गेट्स ने भारत के भविष्य के बारे में कही यह बात, सुनकर खुश हो जाएंगे

Live Bharat Times

Weather Update : दिल्ली में मौसम ने करवट ली है, हरियाणा, यूपी समेत इन राज्यों में बारिश की संभावना

Live Bharat Times

Gujarat: पार्क में की नमाज अदा तो VHP ने करवाया जगह का ‘शुद्धिकरण’, मंत्रों का जाप कर छिड़का गंगा जल

Live Bharat Times

Leave a Comment