

अक्षय कुमार जल्द ही रियल लाइफ स्टोरी के साथ सिल्वर स्क्रीन पर आ रहे हैं। वह रियल लाइफ हीरो जसवंत सिंह गिल की बायोपिक में नजर आएंगे। अक्षय ने अपनी दूसरी अपकमिंग फिल्म के बारे में जानकारी दी है। 16 नवंबर को रेस्क्यू डे के मौके पर अक्षय ने ऐलान किया कि वह जल्द ही माइनिंग इंजीनियर जसवंत सिंह गिल की कहानी को बड़े पर्दे पर लाएंगे।
बता दें कि जसवंत सिंह गिल ने साल 1989 में कोयला खदान में फंसे खनिकों की जान बचाई थी। केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री प्रह्लाद जोशी ने दिवंगत इंजीनियर जसवंत सिंह गिल को याद करते हुए ट्वीट करते हुए लिखा, 1989 में बाढ़ग्रस्त रानीगंज कोयला खदान से 65 मजदूरों को बचाने में अहम भूमिका निभाने वाले स्वर्गीय सरदार जसवंत सिंह गिल को हम याद करते हैं। हमें अपने कोयला योद्धाओं पर गर्व है।
इस ट्वीट के जवाब में अक्षय कुमार ने मंत्री जी का शुक्रिया अदा करते हुए लिखा, बहुत-बहुत धन्यवाद प्रह्लाद जोशी जी। आप एक सच्चे नायक को याद किया। अक्षय ने आगे लिखा, मैं खुशकिस्मत हूं कि मैं अपनी अगली फिल्म में गिल का किरदार निभा रहा हूं। गिल की बायोपिक मूवी का अक्षय कुमार का फर्स्ट लुक पोस्टर भी सामने आया है, जिसमें वह सरदार जी के गेटअप में नजर आ रहे हैं। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म रुस्तम में अक्षय कुमार के साथ काम कर चुके निर्देशक टीनू सुरेश देसाई इस फिल्म का निर्देशन करने जा रहे हैं। इस फिल्म को वासु भगनानी प्रोड्यूस करने जा रहे हैं। फिल्म को लेकर उत्साहित वासु भगनानी ने लिखा कि दिवंगत इंजीनियर जसवंत सिंह गिल की कहानी को फिल्म के रूप में लोगों तक पहुंचाना हमारा सौभाग्य है।
