Hindi News, Latest News in Hindi, हिन्दी समाचार, Hindi Newspaper
दुनिया

नेपाल का लापता विमान क्रैश हुआ : सेना को पहाड़ी पर मलबे में 14 शव मिले; विमान में 4 भारतीय और 3 क्रू मेंबर सहित 22 लोग सवार थे

नेपाल के तारा एयरलाइंस के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की सोमवार सुबह पुष्टि हुई। सेना के खोज और बचाव दल को मस्टैंग के सनोसवेयर इलाके में एक पहाड़ी पर मलबा मिला। काठमांडू पोस्ट के अनुसार, बचाव दल को मलबे में 14 शव मिले। विमान में 4 भारतीय और 3 क्रू मेंबर समेत 22 लोग सवार थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विमान 43 साल पुराना था।

दुर्घटनाग्रस्त विमान में ठाणे का परिवार
ठाणे, महाराष्ट्र के एक परिवार के चार सदस्य भी सवार थे। नेपाल में भारतीय दूतावास ने कहा है कि ठाणे के अशोक त्रिपाठी (54), उनकी पत्नी वैभवी बांदेकर-त्रिपाठी (51), बेटा धनुष त्रिपाठी (22) और बेटी रितिका त्रिपाठी (18) भी यात्रा कर रहे थे। सभी नेपाल के पोखरा में एक मंदिर के दर्शन करने जा रहे थे।

विमान ने रविवार सुबह 9:55 बजे पोखरा से जोमसोम के लिए उड़ान भरी। हवाई यातायात नियंत्रक से संपर्क टूटने से पहले इसे सुबह 10:20 बजे उतरना था।

खराब मौसम के कारण तलाशी अभियान रोकना पड़ा
नेपाल सेना ने रविवार शाम कहा- स्थानीय लोगों ने बताया कि विमान लमची नदी के किनारे दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। यह मस्टैंग जिले के मनापति हिमाल क्षेत्र में एक नदी है। पिछले दिनों बेहद खराब मौसम के कारण खोज और बचाव अभियान को रोकना पड़ा था। क्षेत्र में बर्फबारी और बारिश हो रही थी। इसलिए सोमवार की सुबह तलाशी शुरू हुई।

पायलट के मोबाइल से लोकेशन
नेपाल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (सीएएएन) के मुताबिक, विमान के एक कप्तान का मोबाइल फोन चालू था। जब उसकी लोकेशन ट्रेस की गई तो विमान की लोकेशन भी मिल गई। हालांकि, खराब मौसम के कारण मौके पर पहुंचने के सभी प्रयास विफल हो गए।

उड़ान में लोगों और क्रू मेंबर के नाम
भारतीय: अशोक कुमार त्रिपाठी, धनुष त्रिपाठी, रितिका त्रिपाठी और वैभवी। नेपाल में भारतीय दूतावास ने एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। ये हैं: 977-9851107021
अन्य यात्रियों के नाम: इंद्र बहादुर गोले, पुरुषोत्तम गोले, राजन कुमार, मिल ग्रांट, बसंत लामा, गणेश नारायण, रवीना श्रेष्ठ, रश्मि श्रेष्ठ, रोजिना श्रेष्ठ, प्रकाश सुनवर, मकर बहादुर तमांग, रम्या तमांग, सुकुमाया तमांग, तुलसीदेवी तमांग और यूवी विल्नर।
चालक दल के सदस्य: कप्तान प्रभाकर घिमिरे, सह-पायलट उत्सव पोखरेल और एयर होस्टेस किश्मी थापा।

तलाशी में जुटे सेना के हेलीकॉप्टर
नेपाल सेना के प्रवक्ता नारायण सिलवाल ने रविवार को बताया कि मस्टैंग के लिए एमआई-17 हेलीकॉप्टर भेजा गया है। गृह मंत्रालय के प्रवक्ता फडेंद्र मणि पोखरेली ने रविवार को कहा था कि हमने विमान की तलाश के लिए मस्टैंग और पोखरा में दो हेलीकॉप्टर तैनात किए हैं.

क्या कहता है उड़ान रिकॉर्ड
Flightradar24.com के मुताबिक, तारा एयरलाइंस का यह ट्विन इंजन वाला विमान 43 साल पुराना था। पिछले साल भी इसी बेड़े का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। इस विमान ने पोखरा से सुबह साढ़े नौ बजे उड़ान भरी थी। अंतिम संकेत सुबह 10.7 बजे प्राप्त हुआ। इस समय विमान 12 हजार 825 फीट की ऊंचाई पर था।

 

 

Follow us on Facebook, Twitter & Youtube.

Related posts

शिंजो आबे के संदिग्ध हत्यारे का होगा मनोरोग मूल्यांकन

Live Bharat Times

इजरायल सरकार खतरे में: पीएम नफ्ताली बेनेट बोले- गठबंधन संभालना मुश्किल, 2 हफ्ते में जा सकती है कुर्सी

Live Bharat Times

काबुल के तालिबान के हाथ में आने के एक साल बाद भी अफगान छात्रों का भारतीय वीजा का इंतजार जारी

Live Bharat Times

Leave a Comment